अपना दल (एस) ने जारी की 26 जिलाध्यक्षों की सूची, राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने की घोषणा ।
विधान सभा का उप चुनाव संपन्न होने के साथ ही अपना दल (एस) ने अब अपने संगठन को मजबूत करने पर फोकस कर दिया है। इसी कड़ी में राजधानी में संपन्न हुई मासिक बैठक में पार्टी की राष्ट्रीय अनुप्रिया पटेल ने शैलेन्द्र पटेल को लखनऊ ग्रामीण समेत 26 जिलों के लिए अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है।
अन्य प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के नाम भी घोषित किए हैं। साथ ही उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया है।
पार्टी के माल एवेन्यू स्थित मुख्यालय में बृहस्पतिवार को हुई मासिक बैठक में अनुप्रिया ने अपनी टीम के 26 जिलाध्यक्षों की घोषणा के साथ ही ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह को पुन: राष्ट्रीय प्रवक्ता और तेजबली सिंह को विधि मंच का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का भी एलान किया है। हालांकि राजेश पटेल पहले ही राष्ट्रीय प्रवक्ता है।
इस प्रकार पार्टी में अब दो राष्ट्रीय प्रवक्ता होंगे। इससे पहले उप चुनाव में प्रतापगढ़ से विधायक चुने गए राजकुमार पाल का स्वागत किया गया तथा चंदौली जिले चकिया नगर पंचायत के अध्यक्ष अशोक बागी और चौहान समाज के नेता गुरुदेव चौहान समेत करीब एक दर्जन लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
बैठक के दौरान पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए अनुप्रिया ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि सभी नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अपने स्तर बैठक करके संगठन को मजबूत करने की रणनीति और 2022 में चुनीव जीतने के लिए कार्ययोजना तैयार करें। इस मौके पर एमएलसी आशीष पटेल, सांसद पकौड़ी लाल कोल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ओपी कटियार, विधानमंडल दल के नेता नील रतन पटेल, कारागार राज्यमंत्री जयकुमार सिंह जैकी के अलावा सभी विधायक व दर्जा प्राप्त मंत्रियों के अलावा प्रदेश व जिला पदाधिकारी भी मौजूद थे।
इन जिलों में हुई अध्यक्षों की नियुक्ति
भानु प्रताप पटेल को प्रयागराज (गंगापार), ब्रजेश पटेल को प्रयागराज (यमुनापार), रवीन्द्र पटेल को फतेहपुर, श्याम विजय पटेल को आजमगढ़, महेश पटेल को अंबेडकर नगर, अविनाश पटेल को सुल्तानपुर, गिरीश पटेल को बहराइच, महेन्द्र पटेल को श्रावस्ती, दिनेश कटियार को कन्नौज, जितेन्द्र कटियार को फर्रूखाबाद, शैलेन्द्र पटेल को लखनऊ ग्रामीण, पवन कुमार वर्मा को रायबरेली, शिव कुमार सोलंकी को झांसी, प्रदीप कटियार को कानपुर ग्रामीण, अमरेश पटेल को उन्नाव, सुधीर पवार को मेरठ, जैकीउल नासिर को बिजनौर, आनंद मोहन पटेल को बरेली, नवीन श्रीवास्तव को कानपुर नगर, राजीव पटेल को लखीमपुर, चौधरी धनवीर सिंह सिंधू को रामपुर, पंडित विजय शर्मा को मुरादाबाद, राकेश वर्मा को गोंडा, कामता पटेल को कौशांबी, डॉ. नरेन्द्र पटेल को वाराणसी, जटाशंकर बिंद को भदोही का जिलाध्यक्ष बनाया गया है ।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें